दैनिक प्रेरणाः रुसेन कुमार । समय - 21वीं सदी की सबसे बड़ी संपदा


अमेजन दुनिया का सबसे बड़ा ई-कॉमर्स मार्केटप्लेस है। इस कंपनी में 13 लाख कर्मचारी कार्य करते हैं। इस कंपनी ने कुछ ही वर्षों में भारत में कारोबार का तगड़ा जाल फैलाया है। आइलाइन खरीद को सहज बनाने वाली इस अनोखी कंपनी के संस्थापक हैं – जेफ बेजोस। 57 वर्षीय इस सफलतम कारोबारी ने अपने मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद से त्यागपत्र देने के पहले अप्रैल माह में शेयरधारकों को अंतिम चिट्ठी लिखी। 

अंग्रेजी में लिखे पत्र के एक अंश का भावानुवाद कुछ इस प्रकार है – "...हम ‘ग्राहक पहले’ इस आदर्श पर चलते हैं। हम कम कीमतों, विशाल चयन और तेजी से वितरण तंत्र की पेशकश करते हैं। हम बहुत-सी बातों का अनदेखा करते हैं और केवल एक चीज को महत्व देते हैं - हम ग्राहकों का समय बचाते हैं। ग्राहक अमेजन पर 28% खरीदारी तीन मिनट या उससे कम समय में पूरी करते हैं, और आधी खरीदारी 15 मिनट से भी कम समय में पूरी हो जाती है। किसी स्टोर में साक्षात रूप से खरीदारी करने पर - ड्राइविंग, पार्किंग, स्टोर के गलियारों की खोज, चेकआउट लाइन में प्रतीक्षा, अपनी कार ढूंढना और घर पहुँचना आदि गतिविधियाँ करनी पड़ती है। शोध से पता चलता है कि सामान्य भौतिक स्टोर में खरीदारी पर लगभग एक घंटा लगता है। यदि आप मानते हैं कि एक सामान्य अमेजन खरीदारी में 15 मिनट लगते हैं और यह आपको एक भौतिक स्टोर में एक हफ्ते में दो बार जाने से बचाता है, तो साल में 75 घंटे से अधिक की बचत होती है। यह महत्वपूर्ण है। हम सभी 21वीं सदी की शुरुआत में व्यस्त हैं। सामान्य रूप में, आइए समय की बचत को 10 डालर (लगभग 720 रुपये) प्रति घंटे का महत्व दें। यदि 75 घंटे को 10 डॉलर प्रति घंटे से गुणा करने और प्राइम की लागत घटाने से आपको प्रत्येक प्राइम सदस्य के लिए लगभग 630 डॉलर (लगभग 46000 रुपये) का मूल्य सृजन मिलता है। कुल मिलाकर 2020 में 126 बिलियन डॉलर ( लगभग 126 अरब रुपये) (एक अरब रुपये – 100 करोड़ रुपये) के मूल्य सृजन के लिए हमारे पास 200 मिलियन (20 करोड़) प्राइम मेंबर्स हैं।"

जेफ बेजोस के उपरोक्त वाक्य को बार-बार पढ़िए। इन चंद वाक्यों में एक सफल कारोबारी संगठन किस तरह समय को महत्व देता है, उसका प्रत्यक्ष प्रमाण मिलता है। अमेजन का पूरा कारोबार समय केंद्रित है। प्रत्येक काम में तेजी उनका सूत्र वाक्य है। वे अपने काम में प्रत्येक सेकंड का हिसाब रखते हैं। उनके हिसाब में एक दिन एक बहुत बड़ा समय है, सम्पदा है। उनका एक दिन 1440 मिनट का होता है। उनके एक दिन में 86400 सेकंड होते हैं। उनके सारे काम का एक ही मकसद है समय के अंतराल को कम करना। कम समय में अधिक काम करना उनकी कारोबारी सफलता का मूलमंत्र है।


सबके पास समय की मात्रा समान है। यह कितना विस्मयकारी बात है कि सबके पास समान मात्रा में समय होने के बावजूद किसी के पास किसी महत्वपूर्ण काम के लिए थोड़ा भी समय नहीं और किसी के उसी काम के लिए समय ही समय है। 

जेफ बेजोस सचमुच में एक विद्वान पुरुष हैं। उन्होंने समय के मोल को बहुत गहराई से समझ लिया है। समय में छिपे अदृश्य शक्तियों को समझ लिया है। ग्राहकों को समय बचाने का लालच देकर अमेजन ने करोड़ों लोगों को अपना दीवाना बना रखा है। सार बात यह है कि समय का मूल्य समझ कर तथा समय को मूल्यवान समझ कर जो कोई भी काम करेगा, उसे जीवन में आगे बढ़ने के लिए कोई कारण रोक नहीं सकता। 

समय अपने आप में बहुत बड़ा विज्ञान है, शक्ति है, संपदा है। यदि हम अपने जीवन के प्रति गंभीर हैं और कुछ भी अच्छा करना अथवा उन्नत बनना चाहते हैं तो हमें आज के दिन में मिले हुए समय का सर्वोत्तम उपयोग करना सीखना होगा। हमने अपने जीवन का बहुत मूल्यवान समय व्यतीत कर दिया है और उसकी तुलना में हमारे पास सफलता या उपलब्धि बताने के लिए कोई प्रमाण नहीं है। अभी भी देर नहीं हुई है, आइए हम अपने एक-एक सेकंड और एक-एक मिनट को बहुमूल्य समझ कर उसका सदुपयोग करने का अभ्यास करना प्रारंभ करें। समय का सदुपयोग करके कुछ भी अच्छा बना जा सकता है। मनुष्य का जीवन समय का जोड़ है। हमारे पास केवल और केवल समय शेष है। हम समय का निर्माण नहीं कर सकते बल्कि हम स्वयं का नवनिर्माण अवश्य कर सकते हैं। 21वीं सदी में केवल और केवल समय का सदुपयोग करने वाले टिके रहेंगे। इस सदी में समय ही सबसे बड़ी पूँजी है।

***


रुसेन कुमार अग्रणी पत्रकार एवं लेखक हैं। उनके समसामयिक लेख, चिंतन, रचनाएँ आदि नियमित रूप से अखबारों में प्रकाशित होते रहती हैं। अखबारों, पत्र-पत्रिकाओं एवं वेब माध्यमों में प्रकाशन की अनुमति के लिए rusenk@indiacsr.in पर संदेश लिखिए।) 

सुधि पाठकों से निवेदन है कि रचना अच्छी लगने पर अपनी सकारात्मक प्रतिक्रिया अवश्य लिखिए।

ब्लॉग उपयोगी लगने पर सब्सक्राइब करना न भूलें। कोई रचना आपके मन को छुए तो रचना के लिंक को सोशल मीडिया पर जरूर साझा कर दीजिएगा, ताकि अधिक लोग उसे पढ़ सकें।

Comments