दैनिक चिंतनः रुसेन कुमार । अवसर की तलाश कीजिए




आज हर कोई किसी न किसी अवसर की तलाश में है। अवसर की तलाश करना अच्छी बात है। हर किसी को अपने लिए अच्छा अवसर तलाशना चाहिए। यह भी तथ्य है कि हर किसी को किसी न किसी दिन कोई अवसर मिल ही जाता है। आप भी अपने कोई अवसर की तलाश कीजिए। छोटे से छोटे अवसर की तलाश में रहिए। 

अवसर मिलने पर उसे पूर्ण कर्तव्य से निभाने से ही उसका मोल उजागर होता है। एक होता है अवसरवादी। एक होता है अवसर साधक। अवसरवादी बनने से बचिए। अवसर साधक बनिए। अवसर मिलने पर आए हुए अवसर को अपना महान मित्र समझिए। अनेक सफल लोग मिल जाएँगे जो कभी भृत्य के रूप में भर्ती हुए थे लेकिन ऊँचे पदों पर पहुँच गए। 

प्रशिक्षु के रूप में भर्ती होकर संस्थान के सर्वोच्च अधिकारी बन गए। घोर गरीबी और अभाव में पले बढ़े लोग महानतम कार्य कर गए। यह तभी हो पाया जब उन्होंने थोड़े से अवसर मिलने पर भी उस अवसर में छिपे महान अवसर के महत्व को समझ लिए और पूर्ण निष्ठा से निभाने का वर्षों तक प्रयत्न करते रहे। अवसर हर जगह है। रोजगार के अवसर हर शहर में है। सफल होने की संभावना हर किसी में है, हर जगह है। अभाव रहता है तो केवल निष्ठावान लोगों का। अवसर दुर्लभ नहीं है, निष्ठा दुर्लभ है। कला दुर्लभ नहीं है, बल्कि कला की साधना दुर्लभ है। 

आदमी की कमी नहीं है, प्रेमयुक्त आदमी की कमी है। किताबों की कमी नहीं है, सच्चे पाठकों की कमी है। आशय है निष्ठावान लोग दुर्लभ हैं। जो भी छोटा-मोटा काम मिले उसे निभाने का, पूरा करने का अभ्यास कीजिए। कोई काम मिले से अधूरा मत छोड़िए। तब-तब तक लगे रहिए जब तक वह पूरा न हो जाय। कंठ से मधुर आवाज निकलने तक गायन सीखिए।

तीव्र गति से नहीं तो धीरे-धीरे ही अपने काम को कीजिए। लगे रहिए लेकिन निराश मत होइए। आपकी निष्ठा आपके लिए विकास के अनेक अवसरों का स्वतः ही निर्माण कर देगी। 

अवसर काम में नहीं बल्कि निष्ठा में निहित रहती है। यह प्रवृत्ति देखी जाती है कि लोग किसी काम को पकड़ते तो हैं लेकिन कुछ दिनों में उसे छोड़कर भाग खड़े होते हैं। भगोड़ों के हाथ सफलता और अवसर नहीं टिकते। छोटे अवसर ही बड़े अवसर के रास्ते होते हैं। जब भी कहीं कोई काम माँगने जाइये तो कोई छोटा ही माँगिए। छोटे काम मिलने की संभावना अधिक रहती है। 

जो भी काम कीजिए, सीखने के लिए उसे कीजिए। सीखना महत्वपूर्ण है। सीखी हुई बातें हमेशा काम आएँगी। हमें जो भी किसी काम को करने का अवसर देते हैं वही तो हमारे सबसे बड़े हितैषी हैं। उनकी दयालुता, सहृदता के बदले कुछ भी दे पाना बहुत छोटा है। बुरी परिस्थितियों में जिन्होंने भी कुछ भी करने का अवसर दिया हो वे हमारे लिए बहुत मूल्यवान आदमी हैं। कहने का आशय यह है कि एक महान अवसर हमारे आस-पास ही रहता है। अवसर को आत्मसात करने के लिए योग्यता का निरंतर विकास आवश्यक है। एक अवसर, दूसरे अवसर व सफलता का साथी है। एक अवसर अनेक अवसर पैदा करता है, आकर्षित करता है। 

अवसर मिलने पर अपनी क्षमताओं और लक्ष्यों को परिभाषित करना, आगे बढ़ना, सकारात्मक आकलन ही करना चाहिए। आए हुए अवसर की सार्थकता अवसर का सदुपयोग करने में है। अवसर मिलने पर भरपूर ढंग से अपनी उपयोगिता और महत्ता साबित कर दीजिए। वैसे तो हर दिन हमारे उत्थान के लिए एक महान अवसर लेकर आता है। आज के दिन को अच्छा अवसर ही समझिए और इसका सदुपयोग कीजिए। सबसे अच्छी बात यह है कि अपनी योग्यता बढ़ाइए, कोई ऊँची बात सीखिए और स्वयं के लिए अवसर पैदा कीजिए। 

---

(रुसेन कुमार, उद्यमी, पत्रकार एवं  लेखक हैं। उनके चिंतन दैनिक अखबारों में नियमित रूप से प्रकाशित होते रहते हैं।)

(प्रकाशन की शर्तः इस लेख को किसी अखबार या वेब माध्यमों द्वारा प्रकाशित करने के लिए लेखक की अनुमति आवश्यक है। प्रकाशन का अनुरोध rusenk@indiacsr.in पर भेजा जा सकता है।)

चित्र स्त्रोतः https://www.entrepreneur.com/article/349443

Comments